लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
सामाजिक उत्थान की योजनाओं का लाभ उठाने का किया आह्वान
जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से रविवार को मुख्यमंत्री निवास पर खटीक समाज के प्रतिनिधिमण्डल ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने समाज के प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए केन्द्र और राज्य की डबल इंजन सरकार द्वारा सामाजिक उत्थान केंद्रित नीतियों और योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण और प्रगति के लिए प्रतिबद्ध है। शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं का लाभ लेकर समाज अपने आर्थिक और सामाजिक स्तर को मजबूत बना सकता है।
प्रतिनिधिमण्डल में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, विधायक रमेश खींची सहित अन्य जनप्रतिनिधि और समाज के प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने समाज के उत्थान के लिए सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर लाभ सुनिश्चित करने की बात भी कही।
यह बैठक समाज के साथ संवाद को मजबूत करने और जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर पर पहुँचाने की दिशा में एक सकारात्मक कदम मानी जा रही है।






















































