लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
— भजनलाल शर्मा ने दिया ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश
जयपुर। दीपावली महोत्सव के अवसर पर शनिवार को मुख्यमंत्री निवास पर दीपावली मिलन कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस मौके पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आमजन को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और सभी के लिए खुशहाली व समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री ने लोगों से स्थानीय उत्पादों की खरीद को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, “त्योहारों पर वोकल फॉर लोकल को अपनाना न केवल स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देगा, बल्कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी।”
शर्मा ने बताया कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा जीएसटी दरों में कमी किए जाने से रोटी, कपड़ा और मकान जैसी बुनियादी जरूरतों से जुड़ी सेवाओं पर आमजन को राहत मिली है। इससे किसानों, छोटे व्यापारियों और मध्यम वर्ग को सीधा फायदा हो रहा है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने आमजन से आत्मीयता के साथ रामा-श्यामा कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उपस्थित बड़े-बुजुर्गों ने उन्हें आशीर्वाद दिया और प्रदेश की खुशहाली की कामना की।















































