लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
विश्वास, संवाद और परिणाम सुशासन के आधार – मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
प्रभावी शिकायत निवारण तंत्र लोकतांत्रिक शासन की आत्मा
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को शासन सचिवालय में भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर सुशासन दिवस मनाया और उन्हें पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को सुशासन की शपथ भी दिलाई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. वाजपेयी का जीवन और दर्शन हमें सिखाता है कि शासन और प्रशासन का मुख्य उद्देश्य जनसेवा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सुशासन एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है, जिसमें योजनाओं की सफल क्रियान्विति से अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक लाभ पहुंचे।
भजनलाल शर्मा ने कहा कि सुशासन तभी संभव है जब नियम स्पष्ट हों, अधिकारी संवेदनशील और सरकार उत्तरदायी बने। सुशासन का आधार विश्वास, संवाद और परिणाम हैं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार सेवा वितरण को सरल और पारदर्शी बनाने के लिए ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविर आयोजित कर रही है, जिनसे अब तक 1 करोड़ से अधिक लोग लाभान्वित हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने ई-गवर्नेंस को पारदर्शिता का सबसे बड़ा माध्यम बताया। ई-पोर्टल्स, एसएसओ पोर्टल और मोबाइल आधारित सेवाओं के माध्यम से नागरिकों का समय और ऊर्जा बचाई जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रभावी शिकायत निवारण तंत्र लोकतांत्रिक शासन की आत्मा है और विगत 2 वर्षों में 65 लाख से अधिक जन-शिकायतों का समाधान किया गया।
भजनलाल शर्मा ने अधिकारियों और कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे तकनीक और संवेदनशीलता के माध्यम से राजस्थान को सुशासन के मामले में देश का नेतृत्व करने वाला राज्य बनाएं। उन्होंने कहा कि शासन सचिवालय करोड़ों राजस्थानियों की आशाओं और विश्वास का प्रतीक है, और हर व्यक्ति को समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना हमारा कर्तव्य है।
मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर नव उत्थान-नई पहचान, बढ़ता राजस्थान-हमारा राजस्थान के माध्यम से सुशासन का संदेश प्रदेशभर में फैलाया जा रहा है। 200 विकास रथों के जरिए सभी ग्राम पंचायत, पंचायत समिति और नगरीय निकायों में यह यात्रा पहुंचाई जा रही है।
इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य सचिव जल संसाधन अभय कुमार सहित विभिन्न विभागों के अतिरिक्त मुख्य सचिव, प्रमुख शासन सचिव, शासन सचिव और सचिवालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला, उपखंड और ग्राम पंचायत के अधिकारी एवं कर्मचारी भी कार्यक्रम से जुड़े।
कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री निवास पर स्व. अटल बिहारी वाजपेयी को पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।