लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
प्रतापगढ़/जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को प्रतापगढ़ के अंबा माता का खेड़ा में पूर्व मंत्री स्व. नंदलाल मीणा की पार्थिव देह पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने दिवंगत मंत्री के पुत्र और राज्य सरकार में राजस्व मंत्री हेमंत मीणा तथा परिजनों को ढांढस बंधाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के आदिवासी अंचल के सर्वांगीण विकास में स्व. नंदलाल मीणा का योगदान हमेशा अविस्मरणीय रहेगा और उनके आदर्श लोगों के लिए प्रेरणा स्रोत बनेंगे। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम दक, सांसद सी. पी. जोशी, विधायक श्रीचंद कृपलानी, चुन्नीलाल गरासिया, चंद्रभान सिंह आक्या, सुरेश धाकड़ सहित जनप्रतिनिधि, परिजन और ग्रामवासी उपस्थित थे।













































