लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा किए गए जीएसटी सरलीकरण और टैक्स स्लैब परिवर्तन ऐतिहासिक हैं। उन्होंने बताया कि नए प्रावधानों से रोटी, कपड़ा और मकान सस्ते होंगे, जिससे आमजन को बड़ी राहत मिलेगी। 
मुख्यमंत्री ने सोमवार को मानसरोवर क्षेत्र के प्रमुख बाजारों में व्यापारियों और आमजन को जीएसटी बचत उत्सव के तहत जागरूक किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न प्रतिष्ठानों पर जीएसटी बचत उत्सव स्टीकर्स लगाए और लोगों को स्वदेशी उत्पाद अपनाने के लिए प्रेरित किया।
शर्मा ने बताया कि 22 सितंबर से लागू नए जीएसटी स्लैब के तहत अब अधिकांश वस्तुएं 4 की बजाय 2 टैक्स स्लैब के दायरे में आएंगी। राज्य सरकार 22 से 29 सितंबर तक विशेष जन-जागरूकता अभियान चला रही है, जिसके तहत उपभोक्ताओं और व्यापारियों को जीएसटी सरलीकरण से मिलने वाले लाभ के बारे में जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने आमजन और व्यापारियों से अपील की कि वे जीएसटी बचत उत्सव में भाग लें और अधिक से अधिक स्वदेशी उत्पाद अपनाएं। इससे देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) झाबर सिंह खर्रा, जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में व्यापारी और आमजन उपस्थित रहे।


















































