लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
संत-महात्माओं के योगदान को बताया सनातन संस्कृति की शक्ति, युवाओं से संत शिक्षाओं को अपनाने का आह्वान
जयपुर । जयपुर में मंगलवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आराध्य श्री गोविंददेव जी मंदिर परिसर स्थित जय निवास उद्यान से विधिवत पूजा-अर्चना कर विशाल कलश यात्रा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने संत-महात्माओं के योगदान को सनातन संस्कृति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संत समाज राष्ट्र को सही दिशा देने के साथ मानवता, सेवा और सद्भावना का संदेश देता है। उन्होंने युवाओं से संतों की शिक्षाओं और आदर्शों को जीवन में अपनाने तथा भारत की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
उन्होंने बाबा बालनाथ और बाबा बस्तीनाथ जी महाराज के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ की भावना पर आधारित है, जो सम्पूर्ण मानवता के कल्याण का संदेश देती है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बस्तीनाथ महाराज को दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मानित किया तथा उनके आशीर्वचन भी सुने। कलश यात्रा में हजारों महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने गोविंददेव जी मंदिर में दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की। मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं ने भगवान गोविंददेव जी के जयघोष से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
इस अवसर पर विधायक देवी सिंह शेखावत सहित कई जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
















































