लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
बांसवाड़ा/जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को बांसवाड़ा के कुशलबाग क्रिकेट स्टेडियम में शहरी सेवा शिविर का अवलोकन किया और टीबी मरीजों के परिजनों को निक्षय पोषण किट वितरित की। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार वागड़ क्षेत्र में बुनियादी विकास के लिए कटिबद्ध है और आदिवासी क्षेत्रों में गरीब कल्याण एवं विकास योजनाओं के माध्यम से स्थानीय निवासियों को रोजगार और बेहतर जीवन स्तर मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस से शुरू हुए शहरी और ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय का संकल्प साकार हो रहा है। शिविरों में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, पेंशन योजनाओं में नाम दर्ज करना, राशन कार्ड आदि कार्य तत्काल निपटाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि टीबी मुक्त भारत अभियान एक राष्ट्रीय संकल्प है। शिविरों में खांसी, बुखार, वजन घटने या सांस लेने में कठिनाई वाले व्यक्तियों को तत्काल जांच एवं इलाज की सुविधा मिल रही है। माताओं और बहनों के लिए ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, कैंसर, एनीमिया और सिकल सेल जैसी बीमारियों की जांच भी की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने ग्रामीण सेवा शिविर में स्वामित्व पट्टे, किसान गिरदावरी, पशु जांच और टीकाकरण, स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों की मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत प्रत्येक परिवार को 25 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध है, जबकि किसान सम्मान निधि और गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना से किसानों और पशुपालकों को सशक्त किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के लाभार्थियों को चेक और प्रमाण पत्र सौंपे। साथ ही मंगला पशु बीमा योजना के लाभार्थियों को बीमा पॉलिसी और खाद्य सुरक्षा योजना के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए।
इस अवसर पर जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी, विधायक कैलाश मीना, शंकरलाल डेचा, मुख्य सचिव सुधांश पंत सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि और अधिकारीगण उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने आमजन से अपील की कि वे सेवा पखवाड़े का लाभ उठाएं और अपने आस-पास के लोगों को भी शिविरों से जोड़ें।