लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
खैरथल-तिजारा/जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को खैरथल-तिजारा के गांव बघेरी कलां में पहुंचकर पूर्व मंत्री स्व. हेमसिंह भड़ाना के निधन पर शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने स्व. भड़ाना के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि स्व. हेमसिंह भड़ाना का सार्वजनिक जीवन, जनसेवा के प्रति उनका समर्पण और समाज के लिए योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनका निधन अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
इस अवसर पर केंद्रीय वन, पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव, राज्य वन एवं पर्यावरण मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा, विधायक देवी सिंह शेखावत, जिला प्रमुख बलबीर छिल्लर सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

















































