लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा —“गुरु नानक देव जी के मार्ग पर चलकर करें मानव उत्थान”
जयपुर ।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने सत्य, प्रेम और मानवता का संदेश देकर समाज में समानता और भाईचारे की भावना को मजबूत किया। उन्होंने जात-पात और ऊंच-नीच के भेदभाव को समाप्त कर सभी को एक समान मानने का उपदेश दिया।
मुख्यमंत्री शर्मा गुरु नानक देव जी के 556वें प्रकाश पर्व के अवसर पर मानसरोवर स्थित गुरुद्वारे में श्रद्धालुओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी का संदेश—‘इक ओंकार सतनाम’, अर्थात एक ईश्वर, एक सत्य—आज भी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत है।
शर्मा ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने लंगर की परंपरा के माध्यम से समानता और सेवा का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया। उनका मानना था कि ईमानदारी से मेहनत करो, सच्चे मार्ग पर चलो और अपनी कमाई दूसरों के साथ बांटो—यही सच्चा धर्म है।
सिख धर्म ने मानवता, साहस और त्याग की दी मिसाल
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि सिख धर्म ने सदैव मानवता, साहस और त्याग की मिसाल पेश की है। सिख समुदाय के वीरों ने देश की रक्षा में अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम से लेकर सीमाओं की सुरक्षा, बाढ़ या सूखा—हर स्थिति में सिख समुदाय ने हमेशा सेवा और सहयोग की भावना दिखाई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार सिख समुदाय के कल्याण, गुरुद्वारों के रखरखाव, तीर्थयात्रियों की सुविधाओं और सामाजिक विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस अवसर पर गुरुद्वारे में मत्था टेका, संगत को लंगर छकाया और स्वयं भी प्रसादी ग्रहण की। उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।
इस अवसर पर राजस्थान सिख समाज के अध्यक्ष अजयपाल सिंह, गुरुद्वारा प्रबंध समिति के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
















































