लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
लाभार्थियों को योजनाओं के प्रमाण पत्र सौंपे, ग्रामीणों ने जताया आभार
बांसवाड़ा/जयपुर ।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को बांसवाड़ा जिले की तेजपुर ग्राम पंचायत में आयोजित ग्रामीण समस्या समाधान शिविर का अवलोकन किया और वहां चल रही गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने शिविर में विभिन्न विभागों की स्टॉल्स का निरीक्षण कर अधिकारियों एवं कार्मिकों के कार्य देखे और आमजन की समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया के बारे में जानकारी प्राप्त की।
मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए राज्य सरकार की योजनाओं का फीडबैक लिया और उनकी समस्याओं के समाधान पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर स्तर पर योजनाबद्ध तरीके से आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए काम कर रही है। ग्रामीण एवं शहरी समस्या समाधान शिविरों के माध्यम से वर्षों से अटके हुए काम पूरे किए जा रहे हैं, जिनमें सहमति विभाजन, नामांतरण, रास्ते खुलवाना जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं शामिल हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से संबंधित प्रमाण पत्र सौंपे। दिव्यांगजनों को मोटराईज्ड ट्राईसाइकिल वितरित की गई, जबकि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की योजनाओं के आवेदनकर्ताओं को लाभ प्रदान किया गया। शिविर में दस्तावेज शुद्धिकरण से संबंधित प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। 
मुख्यमंत्री ने शिविर में एक लाभार्थी परिवार को भूमि संबंधी सहमति विभाजन का दस्तावेज भी सौंपा, जिससे लंबे समय से अटका हुआ भूमि विवाद सुलझ गया। लाभार्थियों ने इस त्वरित समाधान के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नन्हीं बालिका का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न करवाया। 
कार्यक्रम में जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी, विधायक कैलाश मीणा, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ सहित कई अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। 
















































