लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
10 जनवरी को आरक्षक नव नियुक्ति समारोह
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह की गरिमामयी उपस्थिति में नव चयनित आरक्षकों को मिलेंगे नियुक्ति पत्र
जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को राजस्थान पुलिस अकादमी (आरपीए) पहुंचकर 10 जनवरी को आयोजित होने वाले आरक्षक नव नियुक्ति समारोह की तैयारियों का निरीक्षण किया। यह समारोह केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने समारोह स्थल का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध और सुचारु रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा, यातायात, मंच व्यवस्था, आमंत्रित अतिथियों एवं नव चयनित आरक्षकों की सुविधाओं को लेकर विस्तार से जानकारी ली।
उल्लेखनीय है कि 10 जनवरी को आरपीए परिसर में आयोजित इस समारोह में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की उपस्थिति में राजस्थान पुलिस में नव चयनित आरक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।
निरीक्षण के दौरान पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

















































