लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के विजन के तहत राजस्थान सरकार युवाओं को सशक्त बनाने एवं ‘विकसित राजस्थान-2047’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में सक्रिय है। इसी क्रम में राजस्थान दिवस के अवसर पर मंगलवार, 17 मार्च 2026 को ‘राजस्थान युवा शक्ति दिवस’ का आयोजन किया जा रहा है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री द्वारा युवाओं को समर्पित 485 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया जाएगा। कार्यक्रम मानसरोवर स्थित टैगोर पब्लिक स्कूल में आयोजित होगा।
राजस्थान सरकार की संस्थाओं आरसीएटी, आरकेसीएल और आरएसएलडीसी से प्रशिक्षित 9,432 युवाओं को कौशल उन्नयन प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे। इसके साथ ही 403 स्टार्टअप्स को वायबिलिटी गैप फंड के 1,145 लाख रुपये प्रदान किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत प्रथम लाभार्थी को भी चेक सौंपा जाएगा। इसके अतिरिक्त कार्यक्रम में युवाओं पर आधारित लघु फिल्म ‘युवाओं का उत्थान’ का प्रदर्शन किया जाएगा, जो युवाओं में सशक्तिकरण और नवाचार की प्रेरणा प्रदान करेगी।


















































