लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा कल 6 नवम्बर को अंता विधानसभा उपचुनाव के तहत चुनावी दौरे पर रहेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री अंता विधानसभा क्षेत्र में एक भव्य रोड शो करेंगे, जिससे चुनावी माहौल में नया जोश और उत्साह देखने को मिलेगा।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा प्रातः 11:00 बजे जयपुर एयरपोर्ट से प्रस्थान कर दोपहर 12:00 बजे बारां जिले के मांगरोल स्थित हैलीपैड पर पहुंचेंगे। इसके बाद दोपहर 12:00 बजे से 4:00 बजे तक मांगरोल में रोड शो का आयोजन किया जाएगा।
मांगरोल में भव्य रोड शो का आयोजन
रोड शो सुभाष चौक से आज़ाद चौक होते हुए सिसवाली तिराहे तक निकाला जाएगा। पूरे मार्ग पर कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों द्वारा पुष्पवर्षा, ढोल-नगाड़ों और नारों के साथ मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया जाएगा।
मुख्यमंत्री के रोड शो के लिए एक विशेष रथ तैयार किया गया है, जिस पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, सांसद दुष्यंत सिंह, भाजपा प्रत्याशी मोरपाल सुमन और ज़िलाध्यक्ष नरेश सिकरवार मौजूद रहेंगे।
हजारों कार्यकर्ताओं की उपस्थिति की संभावना
रोड शो के दौरान हजारों कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों की मौजूदगी से माहौल जनसमर्थन में बदलने की संभावना है। पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और यह दौरा अंता विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक समीकरणों को नया मोड़ देने वाला माना जा रहा है।
भाजपा कार्यकर्ताओं के अनुसार, मुख्यमंत्री का यह दौरा अंता विधानसभा में विकास और जनसेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास है।
