लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन (17 सितंबर) पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा प्रदेशभर में ग्रामीण और शहरी सेवा शिविरों का शुभारम्भ करेंगे। जयपुर के मालवीय नगर से शहरी सेवा शिविर और बस्सी से ग्रामीण सेवा शिविर की शुरुआत होगी। ये शिविर आमजन को त्वरित सुविधाएँ उपलब्ध कराएँगे तथा लंबित प्रकरणों का मौके पर निस्तारण करेंगे।
शिविरों के माध्यम से सफाई व्यवस्था, सड़कों की मरम्मत, नालियों और सीवर की देखभाल जैसे जनोपयोगी कार्य किए जाएंगे। साथ ही जन्म, मृत्यु, विवाह पंजीकरण, ट्रेड लाइसेंस, लीज मुक्ति प्रमाण पत्र, नामांतरण आदि सेवाएँ एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी। विभिन्न योजनाओं जैसे पीएम स्वनिधि, अटल पेंशन योजना, सुरक्षा बीमा योजना आदि में आवेदन और लाभ भी दिया जाएगा।
ग्रामीण सेवा शिविरों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, स्वास्थ्य सेवाएँ, पशु चिकित्सा, बीज किट वितरण, वृक्षारोपण तथा प्रमाणपत्रों के निर्माण जैसे कार्य किए जाएंगे। प्रत्येक पंचायत में चरणबद्ध तरीके से शिविर आयोजित होंगे, जिससे अंत्योदय की संकल्पना को धरातल पर लागू कर आमजन को राहत दी जाएगी।
ये शिविर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में चलेंगे और विकास कार्यों को नई गति देंगे।













































