लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रियांबडी । रियांबडी उपखंड के डोडियाना गांव के समाजसेवी रूपाराम प्रजापत के बड़े पौत्र संदीप कुमार प्रजापत (24) का शनिवार को अचानक हार्ट अटैक से निधन हो गया। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें तुरंत जेएलएन अस्पताल, अजमेर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
संदीप कुमार एक योग शिक्षक थे और अपने शांत स्वभाव, मिलनसार व्यवहार और उच्च व्यक्तित्व के कारण समाज में विशेष पहचान रखते थे। उनके बड़े पिता गिरधारी लाल प्रजापत ने बताया कि संदीप ने अपने जीवनकाल में ही नेत्रदान का संकल्प ले रखा था।
उनके निधन के बाद दो नेत्रहीनों को नई रोशनी मिली है। यह निर्णय परिवार और समाज के लिए प्रेरणास्रोत बन गया है। संदीप कुमार का यह महान संकल्प था कि उनकी आंखों से किसी और की दुनिया रोशन हो सके।
परिवार की सहमति से उनका नेत्रदान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उनके परिजनों ने इसे मानवता की मिसाल और उनके आदर्श जीवन का प्रतीक बताया।