लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सुमेरपुर को मिली अनेक विकास कार्यों की सौगात, 191.85 लाख के कार्यों का शिलान्यास
सुमेरपुर/पाली । पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने मंगलवार को सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र का एक दिवसीय दौरा किया। इस दौरान उन्होंने 191.85 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण कर क्षेत्र को अनेक विकास सौगातें दीं।
कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत सुमेरपुर के वार्ड संख्या 3 स्थित टाउन हॉल के सामने आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे, जहां उन्होंने अमर राज देवड़ा होटल से हनुमान भाटी के निवास तक संत लिखमाराम जी मार्ग पर 7.99 लाख रुपये की लागत से बनने वाली डामर सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इसके पश्चात वार्ड संख्या 26 में बाणमाता रोड तिराहे से पानाबाला तक 58.85 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सीसी सड़क का शिलान्यास किया गया।
इसके अलावा मंत्री कुमावत ने सुमेरपुर जवाई बांध वाया कोलीवाड़ा मार्ग पर लगभग तीन किलोमीटर लंबी सड़क मय पुल निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया। यह कार्य सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा किया जाएगा, जिस पर कुल 125 लाख रुपये की लागत आएगी। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि पुल की ऊंचाई कम होने के कारण बरसात के मौसम में आवागमन बाधित होता था और आसपास के क्षेत्रों में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो जाती थी। नए स्पान पुल के निर्माण से आमजन को इन समस्याओं से स्थायी राहत मिलेगी।
अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि प्रदेश सरकार जनहित को सर्वोपरि रखते हुए मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य अंतिम छोर तक बैठे व्यक्ति तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सड़क, पुल और आधारभूत ढांचा विकास आमजन के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं और सरकार संतुलित क्षेत्रीय विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
मंत्री कुमावत ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आंतरिक सड़कों के निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए तथा सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं।
इसके पश्चात उन्होंने नगरपालिका द्वारा आपेश्वर उद्यान में किए गए विकास कार्यों तथा जालौर चौराहे से गांधी मूर्ति सर्किल तक निर्मित डिवाइडर का लोकार्पण भी किया। कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस अवसर पर नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष अनोप सिंह, जिला उपाध्यक्ष पूनम सिंह परमार, एसडीएम कालूराम कुम्हार, नगरपालिका ईओ नरपत सिंह, मंडल अध्यक्ष रविकांत रावल, जिला मंत्री दिनेश सिंह खिंदारा, पूर्व चेयरमैन फूलाराम सुथार, पूर्व मंडल अध्यक्ष महेंद्र माली, नगरपालिका के पूर्व उपाध्यक्ष चर्तुभुज शर्मा, जिला प्रवक्ता दिनेश मीणा, विकास अधिकारी प्रमोद दवे, पूर्व मंडल अध्यक्ष मांगीलाल, संत लिखमीदास जी शिक्षण सेवा संस्थान के अध्यक्ष भंवर देवड़ा, मंडल अध्यक्ष हनवंत सिंह बांकली, जिला कार्यालय प्रभारी लक्ष्मण सिंह, युवा मोर्चा अध्यक्ष गौरव राजपुरोहित, निवर्तमान पार्षद गोविंद कुमावत, आपेश्वर उद्यान विकास समिति अध्यक्ष खिमाराम कुमावत, जिला आईटी प्रभारी इंद्र राव, युवा मोर्चा के पूर्व उपाध्यक्ष मनीष सोलंकी, मंडल उपाध्यक्ष मोहन देवासी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।













































