लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर (रूपनारायण सांवरिया)।
राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ ने बताया कि मोदी सरकार पर्यटन के क्षेत्र में देश और विदेश दोनों स्तरों पर भारतीय पर्यटन को सुदृढ़ करने के लिए ऐतिहासिक प्रयास कर रही है। घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ‘देखो अपना देश’, ‘भारत पर्व’ और ‘सर्वोत्तम पर्यटन ग्राम’ जैसी योजनाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। वहीं, वैश्विक स्तर पर भारत को विवाह और एमआईसीई पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने के लिए ‘मीट इन इंडिया’ और ‘वेड इन इंडिया’ अभियानों को आगे बढ़ाया जा रहा है।
केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने सांसद राठौड़ के सवाल के जवाब में सदन को जानकारी दी कि पर्यटन मंत्रालय देश और विदेश दोनों स्तरों पर भारत की पर्यटन क्षमता को सुदृढ़ करने के लिए बहुआयामी प्रयास कर रहा है। इसमें विदेशी टूर ऑपरेटरों, मीडिया प्रतिनिधियों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के लिए परिचयात्मक दौरों का आयोजन, विदेशों में भारतीय खाद्य महोत्सव और उद्योग हितधारकों के साथ व्यापारिक कार्यक्रम शामिल हैं। डिजिटल और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से पर्यटन स्थलों, उत्पादों और सांस्कृतिक आयोजनों का प्रचार भी किया जा रहा है।
घरेलू पर्यटन की पहलें
-
देखो अपना देश: देश की समृद्ध विरासत और संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने, राष्ट्रीय गौरव सुदृढ़ करने और घरेलू यात्राओं को प्रोत्साहित करने के लिए वेबिनार, प्रश्नोत्तरी और अन्य गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
-
भारत पर्व: गणतंत्र दिवस समारोह का वार्षिक आयोजन, जिसमें भारत की सांस्कृतिक, कलात्मक, पाक-कला और आध्यात्मिक विविधता प्रदर्शित की जाती है।
-
सर्वोत्तम पर्यटन ग्राम: सांस्कृतिक और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, सामुदायिक मूल्यों और सतत विकास के आधार पर आदर्श पर्यटन गांवों को सम्मानित किया जाता है। वर्ष 2023-24 में 71 गांवों को यह सम्मान मिला।
वैश्विक पर्यटन अभियान
-
मीट इन इंडिया (2021 में लॉन्च) और इंडिया सेज़ आई डू (2023) अभियान के तहत भारत के महल, किले, समुद्र तट, पर्वतीय क्षेत्र और नदी तट अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किए जा रहे हैं।
-
वर्ष 2024-25 में जयपुर में आयोजित ग्रेट इंडियन ट्रैवल बाजार में ‘वेड इन इंडिया’ एक्सपो और ‘मीट इन इंडिया’ कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया।
मदन राठौड़ ने कहा कि इन पहल के माध्यम से भारत को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर एक आकर्षक गंतव्य के रूप में स्थापित किया जा रहा है।











































