लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सुशासन के 24 वर्ष पूर्ण होने पर दी शुभकामनाएं
जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया) भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 24 वर्षों के सफलतम राजनीतिक कार्यकाल पर उन्हें देशवासियों की ओर से हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मोदी की सक्रिय कूटनीति, वैश्विक संवाद में स्पष्टता और “भारत फर्स्ट” की नीति ने भारत को वैश्विक मंच पर एक सक्षम और निर्णायक नेतृत्व प्रदान किया है।
राठौड़ ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी, जब राज्य भूकंप की विभीषिका से जूझ रहा था। उन्होंने पुनर्वास, आधारभूत संरचना विकास, सिंचाई और औद्योगिक सुधारों के माध्यम से गुजरात को एक विकसित राज्य में रूपांतरित किया। नर्मदा जल परियोजना और साबरमती रिवरफ्रंट जैसे कार्य उनकी दूरदृष्टि और विकास केंद्रित नीतियों का परिणाम रहे।
उन्होंने कहा कि गुजरात में मोदी के नेतृत्व में न केवल राज्य, बल्कि पड़ोसी प्रदेशों को भी विकास का लाभ मिला। राजस्थान को नर्मदा का जल सांचोर तक पहुंचाना उस सहयोगात्मक दृष्टिकोण का उदाहरण है जो मोदी ने बतौर मुख्यमंत्री अपनाया।
प्रदेश अध्यक्ष राठौड़ ने आगे कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी ने आर्थिक सुधारों, आत्मनिर्भर भारत, मेक इन इंडिया और स्टार्टअप इंडिया जैसी योजनाओं से देश को नई दिशा दी। किसानों की आय बढ़ाने, सॉयल हेल्थ कार्ड, सोलर पंप, ड्रोन तकनीक और एमएसपी वृद्धि जैसे कदमों से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती दी गई।
उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत आज दुनिया की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और 40 से अधिक देशों के नेता उनके नेतृत्व की सराहना करते हैं।
राठौड़ ने कहा —
“प्रधानमंत्री मोदी का नेतृत्व दृढ़, दूरदर्शी और राष्ट्रसमर्पित है। उन्होंने भारत की प्रतिष्ठा को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया है।”
अंत में राठौड़ ने देशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका जीवन राष्ट्र के लिए प्रेरणा का स्रोत है और भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में मार्गदर्शक है।















































