मेवड़ा श्रीअच्छीनाथजी महाराज मंदिर में फाग महोत्सव का आयोजन

0
21
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

मेवड़ा श्रीअच्छीनाथजी महाराज मंदिर में संतों के सानिध्य में भव्य फाग महोत्सव, आसपास के गांवों से पहुंचे गैर नर्तक
पादूकलां,(नागौर)। मेवड़ाधाम स्थित श्रीअच्छीनाथजी महाराज मंदिर परिसर में संतों के सानिध्य में आयोजित फाग महोत्सव इस वर्ष सांस्कृतिक उल्लास और परंपरागत रंगत के साथ संपन्न हुआ। मंदिर के महंत पीर योगी लक्ष्मण नाथ जी महाराज के आशीर्वाद में हुए इस आयोजन में मेवड़ा सहित आसपास के गांवों के गैर (गेट) नृत्य करने वाले युवा व ग्रामीणों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। आमंत्रण पर बड़ी संख्या में पहुंचे युवाओं, ग्रामीणों और वरिष्ठ नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
फागण के रंगीले लोकगीतों पर डांडिया, गैर और चंग नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा में सजे-धजे युवक-युवतियां जोड़ों में तालमेल के साथ थिरकते नजर आए। केसरिया साफा, धोती-कुर्ता और रंग-बिरंगे घाघरा-ओढ़नी में सजी महिलाओं ने लोकसंस्कृति की अनुपम छटा बिखेरी। ढोल-नगाड़ों और चंग की थाप पर देर रात तक गैर और डांडिया नृत्य चलता रहा, जिससे पूरा क्षेत्र फाग के रंग में रंगा दिखाई दिया।
विशेष उल्लेखनीय रहा कि राजस्थान का पारंपरिक गैर नृत्य, जो कई स्थानों पर धीरे-धीरे कम होता जा रहा था, संतों के सानिध्य में पुनः सशक्त रूप से प्रारंभ किया गया। इसमें युवा, ग्रामीणों के साथ-साथ वरिष्ठ नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेकर सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का संदेश दिया।
चारों ओर गुलाल उड़ता रहा और होली के जयकारों से वातावरण गुंजायमान रहा। आयोजन समिति की ओर से व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रखी गईं तथा अंत में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया।
संतों व गणमान्यजनों ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन निरंतर होते रहने चाहिए, ताकि नई पीढ़ी अपनी लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी रहे। फाग महोत्सव ने क्षेत्र में प्रेम, भाईचारे और सांस्कृतिक जागरूकता का सशक्त संदेश प्रसारित किया।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here