लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
किसानों को मिलेंगी हजारों करोड़ की सौगातें
जयपुर। नागौर जिले के मेड़ता सिटी स्थित डांगावास में मंगलवार, 23 दिसंबर को राज्य स्तरीय किसान सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन की अध्यक्षता मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा करेंगे, जबकि केन्द्रीय ग्रामीण विकास, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
इस अवसर पर प्रदेश को कई महत्वपूर्ण विकास सौगातें दी जाएंगी। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत 2 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की जाएगी। वहीं, विभिन्न राज्य परियोजनाओं के तहत किसानों को कुल 1 हजार 200 करोड़ रुपये की राशि का प्रत्यक्ष हस्तांतरण किया जाएगा।
सम्मेलन में कृषि एवं उद्यानिकी योजनाओं के अंतर्गत 31 हजार 600 किसानों को 200 करोड़ रुपये, कृषि आदान-अनुदान योजना के तहत 5 लाख किसानों को 700 करोड़ रुपये, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 18 हजार 500 लाभार्थियों को 100 करोड़ रुपये तथा मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादन संबल योजना के तहत 4.50 लाख पशुपालकों को 200 करोड़ रुपये की राशि वितरित की जाएगी।
इसके साथ ही नागौर जिले में 351 करोड़ रुपये की लागत से तैयार विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया जाएगा। सम्मेलन को राज्य में कृषि, ग्रामीण विकास और किसान कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
















































