लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
एशिया-पैसिफिक डेफ मल्टी-स्पोर्ट्स चैंपियनशिप-2026 में भारतीय टीम ने किया शानदार प्रदर्शन, जयपुर के अभिनव शर्मा ने भी जीता रजत पदक
जोधपुर। (बृजकिशोर पारीक) मलेशिया में आयोजित एशिया-पैसिफिक डेफ मल्टी-स्पोर्ट्स चैंपियनशिप-2026 में जोधपुर के बैडमिंटन खिलाड़ी पीयूष ने भारतीय टीम के साथ स्वर्ण पदक जीतकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शहर और राजस्थान का गौरव बढ़ाया है। इस उपलब्धि पर जोधपुर जिला बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष एवं केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने पीयूष को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जोधपुर जिला बैडमिंटन संघ के मीडिया प्रभारी कपिल पटवा के अनुसार, इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में जोधपुर के पीयूष और जयपुर के अभिनव शर्मा ने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया। दोनों खिलाड़ियों ने बैडमिंटन में स्वर्ण पदक हासिल कर देश को गौरवान्वित किया। इसके अलावा अभिनव शर्मा ने मिश्रित युगल बैडमिंटन स्पर्धा में रजत पदक भी अपने नाम किया।
गजेन्द्र सिंह शेखावत ने दी बधाई
पीयूष की इस सफलता पर केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतना जोधपुर और राजस्थान के लिए गर्व की बात है। खिलाड़ियों की मेहनत, लगन और प्रतिभा ऐसी उपलब्धियों का आधार हैं। उनकी सफलता प्रदेश के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगी।
मेहनत और प्रतिभा से बढ़ाया जोधपुर का गौरव
बैडमिंटन संघ के मीडिया प्रभारी कपिल पटवा ने कहा कि पीयूष ने अपने शानदार प्रदर्शन से जोधपुर का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। संघ के लिए यह गर्व का विषय है। जिला बैडमिंटन संघ के पदाधिकारियों और सदस्यों ने भी पीयूष को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वे भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का मान बढ़ाते रहेंगे।