लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कांग्रेस जिलाध्यक्ष व विधायक जाकिर हुसैन गैसावत के नेतृत्व में निकली पैदल रैली
भाजपा पर लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाने और मतदाताओं के नाम गलत तरीके से काटने का आरोप
मकराना। मकराना में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान कांग्रेस समर्थक मतदाताओं के नाम कथित रूप से काटे जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इसको लेकर मंगलवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं मकराना विधायक जाकिर हुसैन गैसावत के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान बस स्टैंड से उपखंड अधिकारी (एसडीएम) कार्यालय तक पैदल रैली निकाली गई।
रैली के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं की शह पर बीएलए-2 की फर्जी आपत्तियां लगाकर अल्पसंख्यक, अनुसूचित जाति (एससी) एवं अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग के मतदाताओं के नाम जानबूझकर मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं। प्रदर्शन के बाद एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर इस पूरे मामले की जांच एवं दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। साथ ही नाम नहीं जोड़े जाने की स्थिति में आंदोलन की चेतावनी भी दी गई।
इस अवसर पर विधायक जाकिर हुसैन गैसावत ने भाजपा के पूर्व विधायक श्रीराम भींचर सहित अन्य भाजपा नेताओं पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके कहने पर मतदाताओं के नाम काटे जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि SIR प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी सुनियोजित तरीके से अल्पसंख्यक, एससी-एसटी वर्ग के मतदाताओं के नाम हटाए जा रहे हैं।
विधायक गैसावत ने दावा किया कि प्रदेशभर में इसी तरह लोकतंत्र को कमजोर करने की साजिश की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीएलओ को भाजपा कार्यालयों में बैठाकर मतदाता सूची में हेरफेर करवाई जा रही है। प्रत्येक वार्ड में 100 से अधिक मतदाताओं के नाम काटे गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि फर्जी बीएलए-2 तैयार कर मनमानी की गई है और पूर्व प्रधान भींचर के नाम से करीब 150 मतदाताओं पर आपत्तियां लगाई गई हैं।
उन्होंने बताया कि इस कथित साजिश की चपेट में निर्वाचित पार्षद भी आ गए हैं, जिनके नाम तक मतदाता सूची से हटा दिए गए। विधायक गैसावत ने चेतावनी दी कि यदि गलत तरीके से हटाए गए नाम बहाल नहीं किए गए तो कांग्रेस बड़े स्तर पर आंदोलन करेगी।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।