लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जोधपुर। दिल्ली विश्वविद्यालय की छात्र नेता जॉस्लिन नंदिता चौधरी रविवार को जोधपुर पहुंचीं, जहां एयरपोर्ट पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि महिलाओं को राजनीति में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए, क्योंकि यही वह स्थान है जहां निर्णय लिए जाते हैं।
जॉस्लिन ने कहा कि अभिभावकों को भी बच्चों का साथ देना चाहिए, चाहे वह लड़का हो या लड़की। उन्होंने हाल ही में हुए चुनावी अनुभव को साझा करते हुए कहा, “मुझे लोगों का अपार समर्थन और प्यार मिला। यह मेरे लिए एक बड़ी सीख रही कि मेहनत और लगन से आगे बढ़ते रहना चाहिए। राजस्थान से दिल्ली विश्वविद्यालय चुनाव में टिकट मिलना अपने आप में ऐतिहासिक रहा और इससे मुझे और मोटिवेशन मिला।”
उन्होंने बताया कि वह एक ऐसे क्षेत्र से आती हैं जहां वर्षा की कमी रहती है, फिर भी वहां का किसान आत्महत्या नहीं करता। इसी संदर्भ में उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि राजस्थान में भी छात्रसंघ चुनाव होने चाहिए। उनका कहना था कि राजस्थान राजनीतिक रूप से बहुत सक्रिय राज्य है और यहां के छात्र-छात्राएं भी राजनीति में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं।
जॉस्लिन ने कहा कि छात्र राजनीति से ही मध्यम वर्गीय परिवारों के युवा आगे बढ़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि संसाधनों की कमी जैसी समस्याएं जरूर होती हैं, लेकिन मारवाड़ के लोगों के सहयोग से उन्होंने किसी भी कठिनाई को बड़ा नहीं होने दिया।
“मैं हमेशा छात्र हितों के लिए काम करती रहूंगी। सभी नेता मेरे प्रेरणास्रोत रहे हैं और मैं उनसे सीख लेकर आगे बढ़ रही हूं,” जॉस्लिन ने कहा।