लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जोधपुर (बृजकिशोर पारीक)। भीषण गर्मी से राहत प्रदान करने के उद्देश्य से जायंट्स ग्रुप ऑफ रॉयल लेडीज जोधपुर द्वारा सेंट्रल जेल की महिला कैदियों के लिए सेवा कार्य किया गया। फेडरेशन ऑफिसर निरूपा पटवा के नेतृत्व में महिला बैरक में तीन छत पंखे लगवाए गए।
इस सेवा कार्य में प्रमुख सहयोगी नीलू शर्मा रहीं, जिन्होंने अपने दिवंगत पति अशोक शर्मा की स्मृति में अन्ना पैकर्स के नाम से यह योगदान दिया। इस अवसर पर निशिता शर्मा, रंजन भाटी, अंकिता परिहार सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।
ग्रुप की सदस्य नीलू शर्मा ने बताया कि जायंट्स ग्रुप ऑफ रॉयल लेडीज जोधपुर द्वारा भीषण गर्मी के दौरान जीव-जंतुओं के संरक्षण एवं पक्षियों के लिए पानी उपलब्ध कराने का अभियान भी लगातार चलाया जा रहा है।
संस्था की अध्यक्ष तारा सोलंकी ने बताया कि रॉयल लेडीज ग्रुप निरंतर सामाजिक एवं सेवा कार्यों में सक्रिय रहता है। इस वर्ष संस्था ने 500 परिंडे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। अभियान के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों, एम्स हॉस्पिटल, एमडीएम हॉस्पिटल, सरदारदून स्कूल, पार्कों और मंदिरों में पक्षियों के लिए परिंडे लगाए और वितरित किए जा रहे हैं। साथ ही आमजन को भी पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
संस्था की संरक्षक निरूपा पटवा ने सेंट्रल जेल अधीक्षक से मुलाकात कर वहां की आवश्यकताओं पर चर्चा की। इस दौरान महिला कैदियों के लिए आरओ सिस्टम और स्टील की थालियों की जरूरत बताई गई। नीलू शर्मा ने इन आवश्यकताओं को भी शीघ्र पूरा कराने का आश्वासन दिया।
जेल अधीक्षक प्रदीप लखावत ने इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं ने बड़े उत्साह के साथ समाजसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने निरूपा पटवा और उनकी पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।
