- Advertisement -
लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क*
जयपुर में एमआईबीएफ के आयोजन में उद्योग, निवेश और उद्यमिता पर केंद्रित ऐतिहासिक संवाद*
—
*जयपुर* : देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में आगामी 18 जनवरी को होने जा रहे प्रतिष्ठित “कॉन्क्लेव ऑन फ्यूचर ऑफ इन्वेस्टिंग” से पूर्व माहेश्वरी इंटरनेशनल बिजनेस फाउंडेशन द्वारा रविवार को आईटीसी राजपुताना, जयपुर में एक भव्य व्यापारिक संवाद एवं नेटवर्किंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम में माहेश्वरी समुदाय के उद्योगपतियों, स्टार्टअप संस्थापकों, युवाओं, निवेशकों और विधि विशेषज्ञों ने बड़ी संख्या में सहभागिता कर इसे एक प्रेरक और दूरदर्शी आयोजन का स्वरूप प्रदान किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य समुदाय को वैश्विक निवेश परिदृश्य, उद्योग जगत के अग्रणी विशेषज्ञों और भविष्य की व्यावसायिक संभावनाओं से जोड़ते हुए उद्यमिता एवं निवेश संस्कृति को नई दिशा देना रहा। साथ ही इस मंच के माध्यम से मुंबई में होने वाले कॉन्क्लेव को लेकर समाज में उत्साह और सहभागिता को भी नई गति मिली।
*प्रख्यात हस्तियों की गरिमामयी उपस्थिति*
इस अवसर पर रिलायंस इंडस्ट्रीज के वाइस प्रेसिडेंट मुकेश चेचानी, एमआईबीएफ के संस्थापक महामंत्री संतोष कुमार लाहोटी, सेवानिवृत्त आईएएस पुरुषोत्तम माहेश्वरी, सेवानिवृत्त उच्च न्यायालय के न्यायाधीश दीपक माहेश्वरी एवं सेवानिवृत्त उच्च न्यायालय के न्यायाधीश दिनेश सोमानी, आईआरएस अक्षय काबरा, माहेश्वरी समाज जयपुर के महामंत्री रोहित परवाल तथा शिक्षा सचिव कमल सोमानी सहित अन्य विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।
एमआईबीएफ के संस्थापक महामंत्री संतोष कुमार लाहोटी ने अपने संबोधन में कहा, “यह कार्यक्रम केवल उद्योग और निवेश के विशेषज्ञों को एक मंच पर लाने का प्रयास नहीं, बल्कि समुदाय के युवाओं और उद्योगपतियों के मध्य संवाद स्थापित कर उन्हें आधुनिक व्यावसायिक परिवेश से जोड़ने का सशक्त माध्यम है।”
वहीं रिलायंस इंडस्ट्रीज के वाइस प्रेसिडेंट मुकेश चेचानी ने निवेश के भविष्य के बारे में बात की। उन्होंने विभिन्न निवेश उत्पादों पर चर्चा की और उनके लाभ व हानियों के बारे में विस्तार से बताया। साथही उन्होंने चैटजीपीटी के प्रभावी उपयोग पर भी प्रकाश डाला और निवेश में अनुशासन के महत्व को व्याख्यायित किया। आगे उन्होंने जयपुर सहित पूरे राजस्थान से आए प्रतिभागियों की सहभागिता को संस्था की अब तक की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक बताया।
*मुंबई कॉन्क्लेव में सहभागिता हेतु दिया आमंत्रण*
कार्यक्रम के दौरान संतोष कुमार लाहोटी ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों को 18 जनवरी को मुंबई स्थित आईटीसी ग्रैंड सेंट्रल, परेल में आयोजित होने जा रहे “कॉन्क्लेव ऑन फ्यूचर ऑफ इन्वेस्टिंग” में सहभागिता हेतु आमंत्रित किया।
*समुदाय के लिए नई दिशा*
अन्य वरिष्ठ वक्ताओं ने भी माहेश्वरी समुदाय के उत्थान, विकास यात्रा, आने वाली चुनौतियों और अपार अवसरों पर अपने विचार रखे। उन्होंने एमआईबीएफ की इस पहल को समुदाय के लिए वरदान बताते हुए इसे राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय व्यापारिक मंचों से जोड़ने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम करार दिया।
- Advertisement -








































