- Advertisement -
लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
घनश्याम तिवारी बोले— चिकित्सा सेवा मानवता की सबसे बड़ी सेवा
जयपुर। महात्मा गांधी यूनिवर्सिटी ऑफ मेडिकल साइंसेज़ एंड टेक्नोलॉजी, जयपुर के भव्य दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवारी एवं विशिष्ट अतिथि सांसद मंजू शर्मा उपस्थित रहे।
समारोह में विश्वविद्यालय के संस्थापक चेयरमैन डॉ. एम.एल. स्वर्णकार, चेयरपर्सन-कम-चांसलर डॉ. विकास चंद्र स्वर्णकार, वाइस चांसलर डॉ. अचल गुलाटी, प्रो-वाइस चांसलर डॉ. विनय कपूर, रजिस्ट्रार प्रदीप पायन एवं डॉ. सुधीर सचदेव मंचासीन रहे।
इस अवसर पर फिजियोथेरेपी, ऑक्यूपेशनल थेरेपी, लेब टेक्नोलॉजी, नर्सिंग एवं एलाइड हेल्थ कोर्सेज के विद्यार्थियों को डिग्रियां एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
“डिग्री नई जिम्मेदारियों की शुरुआत” — घनश्याम तिवारी
मुख्य अतिथि घनश्याम तिवारी ने कहा कि मेहनत और साधना से प्राप्त डिग्री नए जीवन और नई जिम्मेदारियों की शुरुआत होती है। यह उपलब्धि गुरुजनों और माता-पिता के आशीर्वाद का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि चिकित्सा केवल पेशा नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का श्रेष्ठ माध्यम है। दया, करुणा, संवेदनशीलता और तत्परता के साथ किया गया उपचार ही सच्ची चिकित्सा सेवा है।
“गरीबों तक स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पहुंचाएं” — मंजू शर्मा
विशिष्ट अतिथि मंजू शर्मा ने कहा कि आज विद्यार्थी प्रोफेशनल बनकर समाज की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। उन्हें अपने कार्य से माता-पिता और गुरुजनों का नाम रोशन करना चाहिए।
उन्होंने अपील की कि सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं का अधिकतम लाभ गरीब एवं जरूरतमंदों तक पहुंचाया जाए।
सेवा, करुणा और टीमवर्क पर जोर
संस्थापक डॉ. एम.एल. स्वर्णकार ने कहा कि अच्छी सेवा और सुश्रुषा सभी तक पहुंचाना हमारा लक्ष्य होना चाहिए। निरंतर कौशल विकास, टीमवर्क और सहयोग से ही यह सफलता संभव है।
चेयरपर्सन डॉ. विकास चंद्र स्वर्णकार ने कहा कि करुणा से किया गया उपचार हीलिंग में बदल जाता है। कृतज्ञता और विनम्रता से चिकित्सक-रोगी के बीच संवेदनशील वातावरण बनता है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वाह करने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में आर.आर. सोनी, कार्यवाहक प्रिंसिपल डॉ. रजत बोहरा सहित डॉ. नरेंद्र पडियार, डॉ. तंजुल सक्सेना, डॉ. प्रकाश कुमार, डॉ. बुशरा फिजा, डॉ. गिर्राज सोनी समेत बड़ी संख्या में चिकित्सक, विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
- Advertisement -
















































