लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पादूकलां। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर कस्बे सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में रविवार को भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह से ही शिवालयों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। महिला, पुरुष और बच्चों ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर परिवार एवं क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।
सूरजपुरी बाबोसा मंदिर परिसर, सदर बाजार स्थित श्रीनाथजी आसन, पंचमुखी शिवालय, चारभूजा मंदिर एवं सियाराम धाम में विशेष धार्मिक आयोजन हुए। सियाराम धाम में महंत महामंडलेश्वर संतदासजी महाराज एवं महंत राधादासजी त्यागी महाराज के सानिध्य में नर्मदेश्वर महादेव का विधिविधान से अभिषेक किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन संपन्न हुआ।
जोगेश्वर धाम में महंत पर्वतनाथजी महाराज के सानिध्य में महोत्सव मनाया गया, वहीं ग्रामीण अंचलों में भी शिवालयों को आकर्षक रोशनी से सजाया गया। श्रद्धालुओं ने बिल्वपत्र, दूध, धतूरा और आक अर्पित कर पूजा की।
दिनभर “हर-हर महादेव” और “ॐ नमः शिवाय” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।