लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
पेपर लीक, भर्ती घोटाले और प्रशासनिक लापरवाही से प्रदेश को पहुंचाया गर्त में
जयपुर: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस नेताओं अशोक गहलोत और गोविंद सिंह डोटासरा के बयानों पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस सस्ती राजनीति और अफवाहों के सहारे चल रही है। राठौड़ ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सत्ता में रहते हुए पेपर लीक, भर्ती घोटाले और प्रशासनिक लापरवाही से प्रदेश को गर्त में पहुंचा चुकी है।
राठौड़ ने कहा कि जयपुर-अजमेर हाईवे हादसे और एसएमएस अस्पताल की आग पर डोटासरा द्वारा दिया गया बयान केवल राजनीतिक स्वार्थ और झूठे दावों से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार त्वरित कार्रवाई कर रही है, उच्चस्तरीय जांच करवा रही है और पीड़ितों को न्याय देने के लिए प्रतिबद्ध है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह सबूत मिटाने और खानापूर्ति करने की राजनीति कर रही है। उन्होंने डोटासरा से चुनौती दी कि अगर उनके पास ठोस सबूत हैं, तो उन्हें सार्वजनिक करें। राठौड़ ने राहुल गांधी की यात्राओं और बिहार चुनाव के संदर्भ में गहलोत के बयानों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस की यह आत्ममुग्धता और भ्रमपूर्ण बयानबाज़ी अब अप्रासंगिक हो चुकी है।
गहलोत द्वारा जिलाध्यक्ष चयन को अभिनव प्रयोग बताने पर राठौड़ ने कहा कि असल में कांग्रेस में गुटबाजी और अंदरुनी खींचतान चल रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की यह कवायद अवसरवादी नियुक्तियों और गांधी परिवार को खुश करने तक सीमित है।
राठौड़ ने कांग्रेस के देश जोड़ने के दावे को विडंबनापूर्ण बताया और कहा कि दशकों तक कांग्रेस ने जातिवाद, तुष्टिकरण और क्षेत्रवाद के जरिए देश को बांटने का काम किया। उन्होंने भाजपा की “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” नीति को देश में एकता और विकास का नया रास्ता खोलने वाला बताया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार हर हादसे की जांच और जवाबदेही सुनिश्चित कर रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति सेवा, समर्पण और समाधान की राजनीति है, जबकि कांग्रेस अब केवल प्रेस कॉन्फ्रेंस और नारों तक सीमित रह गई है।
राठौड़ ने कांग्रेस में शामिल हुए प्रहलाद गुंजल पर भी कटाक्ष किया और कहा कि राजनीति में गरिमा और शुचिता सबसे बड़ी पूंजी है, जो कांग्रेस अब खो चुकी है।