लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भामाशाह पटवारी युद्धवीर सिंह की सर्दी से बचाव की पहल, विद्यालय परिवार ने किया सम्मान
पादूकलां। निकटवर्ती ग्राम पंचायत मांडल जौधा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को सर्दी से बचाव के लिए सराहनीय पहल की गई। समाजसेवी भामाशाह एवं मांडल देवा निवासी पटवारी युद्धवीर सिंह के सहयोग से विद्यालय के 225 जरूरतमंद विद्यार्थियों को गर्म जैकेट वितरित किए गए। साथ ही विद्यालय परिसर में इन्वर्टर बैटरी भी भेंट की गई।
जैकेट वितरण के दौरान विद्यालय में उत्सव जैसा माहौल रहा। जैकेट पाकर विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई। अभिभावकों एवं ग्रामीणों ने इस सामाजिक पहल की सराहना की। विद्यालय परिवार की ओर से पटवारी युद्धवीर सिंह का साफा व माल्यार्पण कर अभिनंदन किया गया।
प्रधानाचार्य ओमप्रकाश बुगालिया ने कहा कि सर्द मौसम में यह सहयोग विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। उपप्रधानाचार्य कुंदन सिंह सहित अन्य शिक्षकों ने भामाशाह का आभार जताते हुए कहा कि ऐसे सहयोग से विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ता है और शिक्षा के प्रति उनका जुड़ाव मजबूत होता है।
इस अवसर पर बस्तीराम चंदीला, बुधाराम कुड़ियां, नीरसिंह, घेवरराम गढ़वाल, बुधाराम, कालूराम गौड़, कुलदीपसिंह, दीपेंद्र सिंह, वीरेंद्र सिंह, जयराम, रामस्वरूप, बाबूदिन सहित विद्यालय स्टाफ, अभिभावकगण और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षकगण द्वारा किया गया।


















































