लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
लोसल (सीकर) | ओम प्रकाश सैनी
प्रदेश में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे 15 दिवसीय सड़क सुरक्षा अभियान के तहत रविवार को लोसल पुलिस थाना टीम ने कस्बे के बस स्टैंड पर वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी दी और उनके वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाए।
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने का प्रयास
थानाधिकारी सरदारमल ने बताया कि पुलिस प्रशासन सड़क हादसों को रोकने के लिए लगातार जनजागरण कर रहा है। अभियान के तहत बस स्टैंड और अन्य स्थानों पर वाहन चालकों को रोककर वाहनों के आगे और पीछे रिफ्लेक्टर लगाए गए, ताकि रात में अंधेरे के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
हेलमेट और सीट बेल्ट के प्रति जागरूकता
पुलिस टीम ने चालकों को दुपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और चौपहिया वाहनों में सीट बेल्ट लगाने की अनिवार्यता के बारे में बताया। साथ ही यातायात नियमों के पालन के महत्व पर भी विस्तार से जानकारी दी।
नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई
अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कई वाहन चालकों के चालान भी काटे गए। पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें और अपनी तथा दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।











































