लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
राम दरबार की शोभायात्रा, पंजाबी अखाड़े के करतब और सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ रहेंगी आकर्षण का केंद्र
लोसल (सीकर) | ओम प्रकाश सैनी
कस्बे में श्री सेवा समिति एवं नगर पालिका मंडल के संयुक्त तत्वावधान में इस वर्ष दशहरा महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। समिति अध्यक्ष रमेश शास्त्री ने बताया कि इस बार 45 फीट ऊँचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा।
शोभायात्रा और आतिशबाजी
कार्यक्रम की शुरुआत बालाजी मंदिर (बस स्टैंड के पास) से होगी, जहाँ से शाही लवाजमे के साथ श्री राम दरबार की जीवंत झांकी सजाकर शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा परमानंद बगीची, बंध्या कुआँ चौक होते हुए रघुनाथ जी मंदिर पहुंचेगी। पूजा-अर्चना के बाद यह यात्रा धूणीदास बगीची स्थित रावण दहन स्थल पर पहुंचेगी।
रावण दहन से पूर्व लगभग आधे घंटे तक रंग-बिरंगी आतिशबाजी की जाएगी।
करतब और सांस्कृतिक कार्यक्रम
शोभायात्रा एवं मेले में पंजाब बठिंडा के कलाकारों द्वारा हैरतअंगेज करतब दिखाए जाएंगे। मेला स्थल पर भी इन कलाकारों की विशेष प्रस्तुतियाँ होंगी।
इसके अलावा, कस्बे की विभिन्न शिक्षण संस्थाओं के विद्यार्थी देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करेंगे। कार्यक्रम के अंत में भगवान श्री राम का राजतिलक संपन्न होगा।
व्यवस्थाएँ
मेला स्थल पर महिलाओं और पुरुषों के लिए बैठने की अलग-अलग व्यवस्था रहेगी। पूरा ग्राउंड दूधिया रोशनी से सजाया जाएगा, ताकि दर्शक महोत्सव का आनंद उत्साहपूर्वक उठा सकें।
















































