लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
लोसल (सीकर)। शेखावाटी स्कूल, लोसल में आयोजित 69वीं राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का समापन समारोहपूर्वक संपन्न हुआ। 14 वर्ष आयु वर्ग की इस प्रतियोगिता में राज्य भर से पहुंची 85 टीमों ने सात दिन तक खेलकर अपना दमखम दिखाया।
समापन अवसर पर शेखावाटी एजुकेशन ग्रुप के चेयरमैन बी.एल. रणवां ने जानकारी दी कि फाइनल मुकाबलों में छात्रा वर्ग में भीलवाड़ा और छात्र वर्ग में जोधपुर की टीमों को पराजित कर जयपुर की टीमें विजेता बनीं।
व्यक्तिगत स्पर्धा में छात्र वर्ग में जयपुर के वयम और छात्रा वर्ग में जोधपुर की लक्षिता ने प्रथम स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम में बीकानेर शिक्षा निदेशालय के निदेशक सीताराम जाट, सहायक निदेशक मोहन राम सिहाग, संयुक्त निदेशक बजरंगलाल स्वामी, सीकर जिला शिक्षा अधिकारी सुरेंद्र सिंह शेखावत, समाजसेवी आर.पी. पंसारी और रमेश गोयल की गरिमामय उपस्थिति रही।
प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहने वाली टीमों को ट्रॉफी और मेडल देकर सम्मानित किया गया।
समापन के दौरान बी.एल. रणवां ने ध्वज उतार कर प्रतियोगिता के समापन की घोषणा की। इसके साथ ही आयोजन समिति, भामाशाह और सहयोगकर्ताओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।











































