लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जोधपुर। युवा निर्देशक सुनील पुरोहित द्वारा निर्देशित लघुफिल्म ‘रॉन्ग साइड’ की शूटिंग का अंतिम शेड्यूल आज जोधपुर के रोटरी सर्कल पर सफलतापूर्वक पूरा हो गया। इस दौरान यातायात पुलिस प्रशासन का भरपूर सहयोग रहा, जिससे शूटिंग सुचारु रूप से संपन्न हो सकी।
निर्देशक सुनील पुरोहित ने बताया कि फिल्म का मुख्य दृश्य सड़क सुरक्षा और गलत दिशा में वाहन चलाने से होने वाली गंभीर दुर्घटनाओं पर आधारित है। कहानी के अनुसार एक दादा अपने पोते को स्कूल छोड़ने जाता है, तभी गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से आ रही एक कार उनसे टकरा जाती है। हादसा इतना भयावह होता है कि पोते की मौके पर ही मौत हो जाती है, जबकि दादा गंभीर रूप से घायल हो जाता है।
फिल्मांकन इतना यथार्थपूर्ण था कि मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई और कई लोगों को यह वास्तविक दुर्घटना प्रतीत हुई। अंतिम शेड्यूल की शूटिंग का शुभारंभ डॉ. आनंद पुरोहित एवं विनोद सिंघवी द्वारा क्लैपबोर्ड एक्शन के साथ किया गया।
निर्देशक ने बताया कि फिल्म में दो अलग-अलग परिवारों की संवेदनशील कहानी को दर्शाया गया है। आज के दृश्य में मुख्य भूमिकाओं में उदय पुरोहित, रेखा बालर, दीपिका गहलोत, मास्टर कयन जैन, डॉ. शिवदत्त व्यास, नरेश चौहान, गौरव व्यास, जितेंद्र पंचारिया, चंद्रशेखर प्रजापत, आशीष कन्नौजिया, अभिलेश वढेरा, जुगल किशोर, आनंद शर्मा, आशीष पुरोहित एवं बृज किशोर पारीक नजर आए।
शूटिंग के दौरान यातायात पुलिस के सीआई सुभाष विश्नोई एवं उनकी पूरी टीम का सराहनीय सहयोग रहा। निर्देशक सुनील पुरोहित ने जानकारी दी कि लघुफिल्म फरवरी माह में रिलीज की जाएगी।











































