लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रियांबड़ी। उपखंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत लांपोलाई में कंवरियाट रोड की स्थिति इतनी खराब हो गई है कि गुजरना मुश्किल और खतरनाक हो गया है। सड़क पर जमा कीचड़ और गहरे गड्ढों के कारण न केवल लोग, बल्कि मवेशी भी इस मार्ग से निकलने में परेशान हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत द्वारा हर वर्ष लाखों रुपए के विकास कार्यों की घोषणाएं तो की जाती हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई क्रियान्वयन नहीं दिखता। कंवरियाट रोड वर्षों से इसी हालत में है, बावजूद इसके शिकायतों पर कोई सुधार कार्य नहीं किया गया।
गांव की मुख्य सड़कें और गलियां भी बुरी तरह टूटी हुई हैं। नालियों का निर्माण अधूरा है या टूटी हुई हैं, जिससे बारिश और गर्मी दोनों में गांववासियों के लिए चलना–फिरना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि अधिकारी मौके पर आकर खुद सड़क का निरीक्षण करें, तो उन्हें भी स्थिति का पता चल जाएगा, लेकिन अब तक कोई देखरेख नहीं हुई।











































