लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
घरों में घुसकर मचाते हैं उत्पात, बच्चे-बुजुर्ग असुरक्षित
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)। शहर में लाल मुंह के बंदरों के बढ़ते आतंक से नागरिकों का जीना दुश्वार हो गया है। बंदर आए दिन घरों में घुसकर फ्रिज खोलकर खाने-पीने का सामान खा जाते हैं, वहीं छतों पर लगी पानी की टंकियों के ढक्कन और पाइप तोड़कर नुकसान पहुंचा रहे हैं।
नागरिकों का कहना है कि बंदरों को भगाने पर वे पीछे पड़ जाते हैं, जिससे कई बार लोग छतों या सीढ़ियों से गिरकर चोटिल हो चुके हैं। छोटे बच्चों के हाथों से खाने-पीने की चीजें छीन लेना अब आम बात हो गई है। खाने की वस्तुओं के चक्कर में कई बार बंदर पुरुषों और महिलाओं को काट भी चुके हैं, जिससे दहशत का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार बंदरों का आतंक पूरे शहर में फैला हुआ है, हालांकि कुछ वार्डों में समस्या अधिक गंभीर बनी हुई है। स्थानीय नागरिक नासिर अहमद, अंसार अहमद, आशिक खान, वसीम और नफीस ने बताया कि इस संबंध में नगर पालिका प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
नागरिकों ने उच्चाधिकारियों को पत्र भेजकर बंदरों को पकड़वाने एवं स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि शहरवासियों को इस परेशानी से निजात मिल सके।













































