लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गौतम शर्मा राजसमन्द।
राजसमंद। जिले के कुंवारिया थाना क्षेत्र के कुरज गांव में बनास नदी में होकर गुजर रही 11 हजार केवी विद्युत लाइन का तार टूटने से बड़ा आज एक हादसा हो गया। करंट प्रवाहित तार की चपेट में आने से एक गाय, एक भैंस एवं एक पाड़ी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरातफरी मच गई और पशुपालकों में हड़कंप फैल गया।
करंट लगने से कई पशुओं की मौत
बनास नदी के किनारे बाड़िया गांव निवासी दिनेश माली ने बताया कि सुबह रघुनंदन पुरी के मवेशी बाड़े से खेत जाने के लिए महज 30 फीट आगे बढ़े ही थे कि नदी में टूटा हुआ 11 केवी विद्युत तार पड़ा हुआ था, जिसमें करंट दौड़ रहा था। इसी दौरान मवेशी तार की चपेट में आ गए और तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
लापरवाही से हुआ हादसा
सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने तत्काल लाइनमैन को फोन कर बिजली सप्लाई बंद करवाई, जिसके बाद मृत मवेशियों को हटाया गया। पशुपालकों ने बिजली निगम पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बताया कि इस हादसे में करीब एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है तथा विभाग से मुआवजे की मांग की गई है।
मौके पर जय सिंह रावत, शंकर लाल जाट, लाइनमैन तिलक कुमार, दिनेश माली सहित बड़ी संख्या में पशुपालक पहुंचे। जेसीबी की मदद से मृत मवेशियों को दफनाया गया। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
