लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
व्यापारियों व नागरिकों से सहयोग की अपील
राजसमन्द |
राजसमन्द, कुंवारिया| राजसमन्द जिले के कुंवारिया कस्बे में शांति, सुरक्षा एवं सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से कुंवारिया थाना पुलिस द्वारा देर शाम पैदल गश्त की गई। यह गश्त थाना अधिकारी सीआई रामचन्द्र कुमावत के नेतृत्व में की गई, जिसमें पुलिस टीम ने बाजार क्षेत्रों और प्रमुख मार्गों पर आमजन से संवाद कर सहयोग का संदेश दिया।
पैदल गश्त के दौरान पुलिस ने व्यापारियों से अपील की कि वे अपनी दुकानों के बाहर रखी सामग्री को सुव्यवस्थित रखें, ताकि सड़कों पर जाम की स्थिति उत्पन्न न हो और आम लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। पुलिस ने कस्बेवासियों से भी कहा कि शहर की व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और पुलिस के साथ सहयोग करने से समस्याओं का त्वरित समाधान संभव है।
पुलिस टीम ने सदर बाजार, किरो का मोहल्ला, अस्पताल मार्ग, चारभुजा मंदिर मार्ग सहित विभिन्न मोहल्लों में पैदल मार्च किया। इस दौरान बेतरतीब खड़े वाहनों को व्यवस्थित करवाया गया और यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई।
गश्त के दौरान एएसआई रामेश्वर लाल जाट, कमलेन्द्र सिंह, शंकर सिंह सहित पुलिस जाप्ता मौजूद रहा। कुंवारिया कस्बे में पुलिस की इस सक्रिय पहल से नागरिकों और व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर सकारात्मक संदेश गया है।