लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
वीसी बैठक में एडीएम ने दिए निर्देश, कहा – लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी
सेमारी (सलूम्बर) ।
जिले में क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत को लेकर सोमवार को जिला कलेक्टर परिसर स्थित वीसी कक्ष में अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी उपखंड अधिकारी, तहसीलदार और बीडीओ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।
बैठक के दौरान एडीएम डॉ. सापेला ने कहा कि जिला कलेक्टर अवधेश मीना के निर्देशानुसार जिले की सभी सड़कों के पैचवर्क कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार उच्च गुणवत्ता के साथ और समयबद्ध रूप से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क मरम्मत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या निम्न गुणवत्ता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
एडीएम ने निर्देश दिए कि क्षतिग्रस्त सड़कों की वजह से आमजन को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए सभी विभाग शीघ्र मरम्मत कार्य पूर्ण करें।
उन्होंने संबंधित विभागों को आदेशित किया कि
-
कार्यस्थलों पर नियमित निरीक्षण और सैंपलिंग सुनिश्चित की जाए,
-
सभी कार्यों की जीपीएस कोऑर्डिनेट के साथ फोटोग्राफी एवं वीडियो रिकॉर्डिंग रखी जाए,
-
और विभाग अपनी साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें।

डॉ. सापेला ने कहा कि यदि किसी भी स्तर पर कार्य में अनियमितता या लापरवाही पाई जाती है तो ठेकेदार एवं जिम्मेदार अभियंताओं के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सभी उपखंड अधिकारियों को निर्देशित किया कि निरीक्षण के दौरान सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता से समन्वय स्थापित कर संभावित कार्यों की सूची तैयार करें।
बैठक में सभी उपखंड अधिकारी, तहसीलदार, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता, सहायक अभियंता एवं कनिष्ठ अभियंता उपस्थित रहे।



















































