लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सत्यनारायण सेन, गुरला
बागोर। अडर्सीपुरा–कोठारी नदी पुलिया पर बरसात के दौरान पानी के तेज बहाव से सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे (कटिंग खड्डे) बन गए हैं। इन गड्ढों में पानी भरे रहने के कारण दोपहिया वाहन चालक आए दिन दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। पुलिया के दोनों ओर पानी भरा होने से फिसलकर गिरने का खतरा लगातार बना हुआ है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार तेज रफ्तार से आने वाले बाइक सवार पानी से भरे गड्ढों को अचानक देखकर ब्रेक लगाते हैं, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर गिर जाते हैं। हाल ही में करेड़ा के एक बाइक सवार युवक का यहाँ हादसा हो चुका है, हालांकि बड़ा नुकसान होने से बच गया।
अर्सीपूरा और बोरियापुरा क्षेत्र के ग्रामीणों ने बताया कि पुलिया की खराब स्थिति के कारण खेतों तक जाने में भी डर लगता है। ग्रामवासियों ने कई बार लिखित में विधायक लादू लाल पितलिया और PWD विभाग को समस्या से अवगत कराया है, लेकिन तीन महीने बीत जाने के बाद भी सड़क मरम्मत का कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि विभागीय लापरवाही के कारण किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने पुलिया पर बने गड्ढों की तत्काल रिपेयरिंग कराने की मांग की है, ताकि रोजाना होने वाली दुर्घटनाओं पर रोक लग सके।

















































