लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल) – मेवाड़ के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्री कोटड़ी चारभुजा नाथ मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। भीलवाड़ा के तिलकनगर निवासी तेली समाज के मांदरिया परिवार द्वारा आयोजित इस भव्य धार्मिक अनुष्ठान में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत कोटड़ी कस्बे में भव्य शोभायात्रा से हुई। गाजे-बाजे और ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते-गाते श्रद्धालु पूरे कस्बे को गुंजायमान कर रहे थे। शोभायात्रा में महिलाएं और पुरुष भक्त ठाकुरजी के जयकारों के बीच झूमते नजर आए।
आयोजक ज्ञानमल मांदरिया ने बताया कि यह आयोजन समस्त क्षेत्र की सुख-समृद्धि और मंगलकामना के उद्देश्य से किया गया। इस अवसर पर मांदरिया परिवार ने भगवान चारभुजा नाथ को चांदी का भव्य रथ भेंट किया, साथ ही नोटों की माला और विशेष बागा पोशाक भी अर्पित की गई। ठाकुरजी का विशेष श्रृंगार कर महाआरती का आयोजन भी किया गया।
इस धार्मिक अवसर पर मांदरिया परिवार के सदस्य प्यारचंद्र, मथुरालाल, ज्ञानमल, भगवती लाल, मुकेश, गौरीशंकर, शिवराज सहित तेली समाज के सैकड़ों धर्मप्रेमी मौजूद थे। कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं ने भगवान का आशीर्वाद लिया।











































