Home accident कोटा रेल मंडल में बड़ा ट्रेन हादसा

कोटा रेल मंडल में बड़ा ट्रेन हादसा

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

रतलाम के पास राजधानी एक्सप्रेस के दो कोचों में लगी भीषण आग, 68 यात्री सुरक्षित निकाले गए

रतलाम/कोटा। (नितिन मेहरा, वरिष्ठ संवाददाता राजस्थान) भारतीय रेल के कोटा रेल मंडल में रविवार तड़के बड़ा रेल हादसा हो गया। त्रिवेंद्रम से दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन जा रही राजधानी एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12431) के दो कोचों में अचानक भीषण आग लग गई। हादसा लूणीरिच्छा और विक्रमगढ़ आलोट स्टेशनों के बीच सुबह करीब 5:20 बजे हुआ।

आग लगते ही ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार B-1 सहित दो कोच आग की चपेट में आ गए और देखते ही देखते दोनों डिब्बे बुरी तरह जलकर खाक हो गए। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी यात्री की जान नहीं गई।

रेलवे स्टाफ की तत्परता से बचीं जानें

आग की सूचना मिलते ही रेलवे कर्मचारियों और ट्रेन स्टाफ ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों कोचों में मौजूद करीब 68 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला और अन्य बोगियों में शिफ्ट किया।

सूचना मिलने पर दमकल विभाग, पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, हालांकि तब तक दोनों कोच पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके थे।

डीआरएम पहुंचे मौके पर

मुकेश कुमार के अनुसार सुबह 5:20 बजे कोटा कंट्रोल से रतलाम कंट्रोल को आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। इसके बाद रतलाम से एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन (ART) और टावर वैगन को मौके पर भेजा गया।

हादसे की गंभीरता को देखते हुए अश्वनी कुमार भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया।

दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग प्रभावित

इस घटना के बाद देश के सबसे व्यस्त दिल्ली-मुंबई मुख्य रेल मार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हो गई। अप और डाउन दोनों ट्रैक बाधित होने से कई महत्वपूर्ण ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर रोकना पड़ा।

रेलवे की टीमें ट्रैक को जल्द से जल्द क्लियर कर यातायात बहाल करने में जुटी हुई हैं।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version