लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गंगधार, झालावाड़। डग ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेस ने किसानों की फसल खराबा और अन्य समस्याओं को लेकर सोमवार को गंगधार में विशाल जन आक्रोश रैली निकाली और उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
रैली जैन अतिथि गृह से शुरू होकर उपखंड कार्यालय तक गई। रैली में मध्यप्रदेश के सुसनेर विधायक भेरूसिंह परिहार, विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी चेतराज गहलोद, ब्लॉक अध्यक्ष नरेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और किसान मौजूद रहे।
कांग्रेस ने अपने ज्ञापन में कहा कि खरीफ की फसल खराब होने के बावजूद किसानों के खातों में मुआवजा और बीमा क्लेम की राशि अब तक नहीं पहुंची है, जिससे किसान आर्थिक तंगी का सामना कर रहे हैं। डग विधानसभा क्षेत्र में सोयाबीन और उड़द की फसलें खराब हो गई थीं। प्रीमियम कटने के बावजूद बीमा कंपनियां भुगतान में टालमटोल कर रही हैं।
ज्ञापन में यह भी बताया गया कि गत वर्ष 1 जनवरी से गेहूं का पंजीकरण शुरू हो गया था, लेकिन इस बार प्रक्रिया शुरू न होने से किसान परेशान हैं। इसके अलावा, कृषि उपज मंडी चौमहला में सरकारी तौल कांटा न होने के कारण किसानों को निजी स्तर पर तौल करवाना पड़ता है, जिसमें अधिक शुल्क वसूला जा रहा है।
कांग्रेस ने 10 दिन के भीतर समाधान न होने पर उग्र धरना-प्रदर्शन और आंदोलन की चेतावनी भी दी।
इस अवसर पर कांग्रेस सेवादल ब्लॉक अध्यक्ष संजय जैन, उप प्रधान प्रतिनिधि संतोष जैन, जिला परिषद सदस्य गोपाल सिंह, मंडल अध्यक्ष केसर सिंह, शिव वर्मा, पीरू सिंह, नरेंद्र सिंह, ईश्वर सिंह, नगर अध्यक्ष ओमप्रकाश तिवारी, एवं अन्य स्थानीय नेताओं सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और किसान उपस्थित रहे।
