लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अजमेर से नितिन मेहरा
अजमेर। राज्य सरकार के दो वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में राज्य स्तरीय किसान सम्मेलन का आयोजन डांगावास, मेड़ता (जिला नागौर) में किया गया। सम्मेलन में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, राज्य के कृषि मंत्री करोड़ीमल मीणा सहित अनेक मंत्री, सांसद एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस राज्य स्तरीय किसान सम्मेलन में अजमेर जिले से लगभग 60 बसों द्वारा करीब 3000 किसानों ने भाग लिया, जिनमें करीब 200 महिला कृषक भी शामिल रहीं। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण अजमेर में माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के सभागार में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में किया गया, जिसे लगभग 400 किसानों ने देखा।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष ओमप्रकाश भड़ाना, देहात भाजपा अध्यक्ष जीतमल प्रजापत एवं अजमेर नगर निगम के उपमहापौर नीरज जैन ने उपस्थित किसानों को संबोधित किया। वक्ताओं ने भाजपा सरकार के दो वर्षों की उपलब्धियों को रेखांकित किया।
इस अवसर पर भाजपा के विभिन्न जनप्रतिनिधियों के साथ जिला प्रशासन से जिला कलेक्टर लोक बंधु एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर वंदना खोरवाल उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों एवं जिला कलेक्टर ने कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की विभिन्न डीबीटी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक वितरित किए।
कार्यक्रम में पशुपालन विभाग, सहकारी समितियां, मार्केटिंग विभाग, किसान संगठनों के प्रतिनिधि एवं प्रगतिशील किसानों ने भाग लिया। जिला स्तर पर कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की विभिन्न व्यक्तिगत लाभार्थी योजनाओं के अंतर्गत छात्रवृत्ति, कृषि यंत्र, पाइपलाइन, फार्म पॉन्ड, फव्वारा संयंत्र तथा परंपरागत कृषि विकास योजना सहित 600 से अधिक किसानों को कुल 107.89 लाख रुपये की अनुदान राशि जारी की गई।
जिला स्तरीय समारोह में संयुक्त निदेशक कृषि विस्तार संजय तनेजा ने उपस्थित किसानों एवं अतिथियों का स्वागत किया, जबकि उपनिदेशक उद्यानिकी विभाग डॉ. के.पी. सिंह ने अतिथियों को पौधे भेंट कर अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ वैज्ञानिक केवीके डॉ. धर्मेंद्र सिंह भाटी, कृषि अनुसंधान उपकेंद्र तबीजी के प्रभारी डॉ. रमाकांत शर्मा, प्रबंध निदेशक हरीश सिवासिया, सहकारी समितियां उप-रजिस्ट्रार राजीव कजोट, पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. सुनील घीया, आत्मा परियोजना उपनिदेशक ऊषा चितारा, सहायक निदेशक रविंद्र सिंह राहड़ एवं अनुप्रिया यादव सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं कृषक उपस्थित रहे।
















































