लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
लोसल (सीकर) – ओम प्रकाश सैनी
लोसल (सीकर)।
सीकर जिले के लोसल इलाके के सांगलिया गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। खेत में ट्रैक्टर से जुताई करते समय किसान ट्रैक्टर सहित फार्म पॉन्ड में गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही डूबने से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, सांगलिया निवासी किसान चेनाराम सोमवार रात अपने खेत में ट्रैक्टर से जुताई का काम कर रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर असंतुलित होकर खेत में बने फार्म पॉन्ड (जलसंचय कुंड) में जा गिरा। हादसे में चेनाराम गहरे पानी में फंस गया और बाहर नहीं निकल सका।
परिजनों ने बताया कि देर रात तक चेनाराम घर नहीं लौटा और उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा था। परिजनों ने पहले आसपास और रिश्तेदारों में खोजबीन की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो सुबह खेत की ओर गए। वहां फार्म पॉन्ड की तारबंदी टूटी हुई मिली और पानी में जूते तैरते हुए दिखाई दिए, जिससे दुर्घटना का अंदेशा हुआ।
सूचना पर प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सिविल डिफेंस टीम को बुलाकर क्रेन की मदद से पहले ट्रैक्टर और बाद में किसान चेनाराम का शव बाहर निकाला गया।
पुलिस ने शव का लोसल उप जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।















































