लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
पादूकलां: ग्राम पंचायत बिखरनिया कलां स्थित खेमदास जी महाराज मंदिर में दो दिवसीय वार्षिक मेला श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति और धार्मिक आस्था के बीच संपन्न हुआ। मेले में आसपास के हजारों श्रद्धालुओं ने नारियल और प्रसाद चढ़ाकर अपने परिवार की खुशहाली और मनोकामनाओं की प्रार्थना की।
मेले के समापन समारोह में दानदाताओं और सक्रिय कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया। मेले की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी चारभुजा मित्र मंडल ने पूरी निष्ठा और संयम के साथ निभाई। वहीं, एंकर ओपी माठ के शानदार मंच संचालन ने उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
मेले में महिलाओं ने गृहस्थी का सामान खरीदा, जबकि किसानों ने कृषि उपकरण और औजारों की खरीदारी की। बच्चों ने झूलों का भरपूर आनंद लिया और चाट-पकौड़ी, मिठाइयाँ, खिलौने तथा आइसक्रीम का लुत्फ उठाया। नाव झूला, चकरी झूला, मिकी माउस झूला और जंपिंग झूला मेले के मुख्य आकर्षण रहे।
पहले दिन मेले में देर रात तक भारी भीड़ देखी गई, जबकि दूसरे दिन भी श्रद्धालुओं की अपार भीड़ उमड़ी। मेला कमेटी और श्री चारभुजा नवयुवक मित्र मंडल की सक्रियता से आयोजन सफल रहा। मेले के आयोजक नमो मोदानी ने कहा कि आने वाले समय में यह मेला क्षेत्र का प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक मेला बनकर उभरेगा।
मेला स्थल पर शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। इस अवसर पर सैकड़ों श्रद्धालु और भक्त उपस्थित थे।















































