लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
खाटूश्यामजी मंदिर | वार्षिक लक्खी फाल्गुन मेला 2026 विकास सोनी
सीकर/खाटूश्यामजी। बाबा श्याम का वार्षिक लक्खी फाल्गुन मेला इन दिनों श्रद्धा और आस्था के रंग में सराबोर है। खाटूधाम बाबा श्याम के जयकारों से गूंज रहा है और पूरा क्षेत्र “हारे के सहारे, बाबा श्याम हमारे” के उद्घोष से भक्तिमय हो उठा है।
श्याम रंग में रंगे भक्तजन देश के कोने-कोने से खाटू नगरी पहुंच रहे हैं। कोई परिवार सहित तो कोई दोस्तों के साथ, वहीं हजारों श्रद्धालु रींगस से पदयात्रा करते हुए बाबा के दरबार तक पहुंच रहे हैं। पैदल यात्रा के दौरान भजन-कीर्तन और ढोल-नगाड़ों की गूंज माहौल को और भी अलौकिक बना रही है।
✨ अलौकिक श्रृंगार के दर्शन
फाल्गुन मेले के अवसर पर बाबा श्याम का विशेष और अलौकिक श्रृंगार किया गया है। आकर्षक फूलों की सजावट, रंग-बिरंगी रोशनी और मनमोहक पोशाक में सजे बाबा के दर्शन पाकर श्रद्धालु स्वयं को धन्य महसूस कर रहे हैं। एक झलक पाने के लिए घंटों कतार में खड़े भक्तों के चेहरे पर अपार श्रद्धा और विश्वास साफ झलक रहा है।
मेले का तीसरा दिन, उमड़ा जनसैलाब
आठ दिवसीय लक्खी मेले का आज तीसरा दिन है। प्रदेश के सबसे बड़े तीर्थ स्थलों में शामिल खाटूधाम में प्रतिदिन लाखों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी जा रही है।
️ सुरक्षा व व्यवस्थाएं चाक-चौबंद
श्री श्याम मंदिर कमेटी और जिला प्रशासन द्वारा इस बार विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं—
400 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी
6500 जवान सुरक्षा में तैनात
सुलभ और सुगम दर्शन व्यवस्था
बेहतर प्रबंधन के चलते श्रद्धालु शांतिपूर्वक और व्यवस्थित ढंग से दर्शन कर पा रहे हैं।
खाटूधाम में उमड़ी श्रद्धा की इस विराट तस्वीर ने एक बार फिर साबित कर दिया कि बाबा श्याम के प्रति भक्तों की आस्था अटूट है। जयकारों और भजनों के बीच भक्तों का सैलाब लगातार बाबा की चौखट तक पहुंच रहा है।


















































