लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
गौतम शर्मा, राजसमन्द।
राजसमन्द जिले के खंडेल चौकी क्षेत्र में कुरज चौराहे स्थित पुलिया पर सोमवार दोपहर दो कारों में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि सात यात्रियों को मामूली चोटें आईं।
चौकी हेड कॉन्स्टेबल धीरजचंद शर्मा ने बताया कि दोनों कारें भीलवाड़ा दिशा से आ रही थीं। आगे चल रही राजसमन्द पासिंग कार के अचानक ब्रेक लगाने पर पीछे से आ रही गुजरात पासिंग कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों के आगे और पीछे के हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे में राजसमन्द कार में सवार तीन और गुजरात कार में सवार चार लोग घायल हुए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया।
घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से आर.के. अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।



















































