लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
7 अधिकारियों को नोटिस, 90 करोड़ रुपये भुगतान के बाद भी एक भी गांव तक नहीं पहुंचा पानी: विधायक जितेंद्र गोठवाल
जयपुर (रूपनारायण सांवरिया) । जल जीवन मिशन (JJM) के तहत खंडार विधानसभा क्षेत्र में 125 करोड़ रुपये की 91 परियोजनाओं में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं और भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। यह खुलासा भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं खंडार विधायक जितेंद्र गोठवाल ने किया।
गोठवाल ने बताया कि वर्ष 2020 में स्वीकृत इन परियोजनाओं का उद्देश्य 167 गांवों को पेयजल उपलब्ध कराना था, लेकिन पिछली कांग्रेस सरकार ने एक भी गांव को पानी नहीं पहुंचाया, इसके बावजूद लगभग 90 करोड़ रुपये का भुगतान कर दिया गया।
विधायक ने बताया कि कई स्थानों पर जल स्रोत उपलब्ध ही नहीं थे, कई जगह केवल ढांचे खड़े कर छोड़ दिए गए, कई परियोजनाओं में पाइप डाली ही नहीं गईं और कई मामलों में बिना पाइप लगाए ही बिल उठा लिए गए।
गोठवाल ने बताया कि बजट सत्र 2025 में उन्होंने यह मामला विधानसभा में उठाया, जिसके बाद मंत्री ने जांच कमेटी गठित की। कमेटी ने हाल ही में 7 अधिकारियों को 16 सीसी के नोटिस जारी किए हैं। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को धन्यवाद देते हुए कहा कि भाजपा सरकार का स्पष्ट संदेश है—
“भ्रष्टाचार किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
प्राथमिक जांच में रैंडमली जांची गई केवल 5 परियोजनाओं में ही 40 लाख रुपये का घोटाला सामने आया है। गोठवाल ने आशंका जताई कि संपूर्ण 125 करोड़ की स्कीम में लगभग 50 करोड़ रुपये का घोटाला संभव है।
उन्होंने कहा कि यह अब स्पष्ट हो चुका है कि राजस्थान की पिछली सरकार में जल जीवन मिशन से जुड़ा यह मामला राज्य का सबसे बड़ा भ्रष्टाचार प्रकरण बनकर सामने आ रहा है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।



















































