लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सिरोही।
मेसर्स कमलेश मेटा कास्ट की प्रस्तावित चूना पत्थर खनन परियोजना को लेकर विवाद और गहरा गया है। अब परियोजना के समर्थन में फर्जी हस्ताक्षर, नाम और मोबाइल नंबर के दुरुपयोग का मामला सामने आया है। भारजा निवासी परबत सिंह देवड़ा ने रोहिड़ा थाने में शिकायत देते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं भाजपा से जिला परिषद सदस्य रीना भुवनेश पुरोहित ने भी इसी प्रकार की जालसाजी को लेकर रिपोर्ट दी है।
पीड़ित परबत सिंह का आरोप है कि 19 सितंबर 2025 को प्रदूषण नियंत्रण मंडल कार्यालय में उसके नाम से फर्जी ज्ञापन जमा कराया गया, जिसमें नकली हस्ताक्षर कर उसे परियोजना समर्थक बताया गया। पीड़ित ने इसे कूटरचना, धोखाधड़ी और प्रतिष्ठा हानि का गंभीर अपराध बताया।
उन्होंने सवाल उठाया कि फर्जी दस्तावेज़ कार्यालय में स्वीकार कैसे हुए और किसने जमा कराए? पीड़ित ने कंपनी सहित संबंधित कार्मिकों की भूमिका की भी जांच की मांग की है।
पुलिस ने शिकायत लेने की पुष्टि करते हुए उचित कार्रवाई की बात कही है। स्थानीय लोग इस मामले को पहचान दुरुपयोग से जुड़ा गंभीर अपराध मानते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।











































