लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
राजस्थान पुलिस का नवाचार, 100 श्रेष्ठ प्रतिभागियों को मिलेगा सम्मान
जयपुर। विश्व प्रसिद्ध तीर्थ स्थल खाटू श्याम मंदिर में आयोजित भव्य फागुन मेले के दौरान इस बार राजस्थान पुलिस और सीकर पुलिस द्वारा ‘श्री खाटूश्यामजी मेला सेल्फी प्रतियोगिता’ का अनूठा आयोजन किया गया है। इस पहल के माध्यम से श्रद्धालु मेले में पुलिस की उत्कृष्ट व्यवस्थाओं और सहयोग से जुड़े विशेष पलों को कैमरे में कैद कर साझा कर सकेंगे।
सीकर पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत ने बताया कि पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार मेले में सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, महिला सहायता, चिकित्सा समन्वय तथा भीड़ नियंत्रण के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि यदि उन्हें मेले में ड्यूटी पर तैनात किसी पुलिसकर्मी द्वारा की गई मदद या पुलिस-प्रशासन की बेहतर व्यवस्था का कोई सकारात्मक क्षण दिखे, तो उसकी सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर साझा करें।
100 बेस्ट सेल्फी को मिलेगा पुरस्कार
प्रतिभागियों को अपनी सेल्फी के साथ @policerajasthan को टैग करते हुए #SafeWithPolice और #KhatuMelaPolice हैशटैग का उपयोग करना होगा। प्राप्त प्रविष्टियों में से चुनी गई 100 श्रेष्ठ सेल्फी को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। विजेताओं को खाटू श्याम बाबा की आकर्षक तस्वीर, प्रसाद तथा राजस्थान पुलिस की ओर से प्रशंसा प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा। जिले से बाहर के विजेताओं को डाक के माध्यम से पुरस्कार भेजे जाएंगे।
एसपी नूनावत ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य श्रद्धालुओं और पुलिस के बीच विश्वास, सहयोग और सकारात्मक संवाद को बढ़ावा देना है। पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं की सेवा और सुरक्षा के लिए भी प्रतिबद्ध है।
मेले से संबंधित प्रमाणिक जानकारी के लिए श्रद्धालुओं से आधिकारिक पुलिस पेज को फॉलो करने की अपील की गई है। किसी भी प्रकार की सहायता के लिए पुलिस हेल्पलाइन नंबर 9667600788 तथा आपातकालीन सेवा 112 पर संपर्क किया जा सकता है।


















































